CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज किसानो को देंगे 10,324 करोड़ की बड़ी सौगात
CG News: धान की बोनस राशि का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन खास है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में साय सरकार प्रदेश के लगभग 25 लाख 24 हजार किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर करेगी। होली से पहले यह ऐतिहासिक भुगतान किसानों के लिए बड़े उपहार के रूप में साबित होगा।
सीएम साय ने खुद किया ऐलान
मुख्यमंत्री श्री साय ने इसका ऐलान 27 फरवरी को रायपुर में आयोजित सिटी गैस अवसंरचना उद्घाटन कार्यक्रम में किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ “धान का कटोरा” है, यहां 80 प्रतिशत लोग कृषि पर आधारित हैं और राज्य सरकार किसानों को देश में सर्वश्रेष्ठ मूल्य प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों ने अपना धान बेचा है और होली के मद्देनज़र 28 फरवरी को किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ से अधिक राशि भेजी जाएगी।
बिल्हा में बड़ा कार्यक्रम, सीएम संवाद करेंगे
बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड में दोपहर आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री साय स्वयं उपस्थित रहेंगे और किसानों के साथ संवाद करेंगे। उनका संदेश सभी ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम स्थलों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए कुल 25 लाख 24 हजार किसानों को लाभ मिलेगा और 10,292 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।
होली से पहले किसानों के लिए राहत और उत्साह
इस ऐतिहासिक राशि के ट्रांसफर से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और होली के त्यौहार पर उन्हें खुशियों का नया रंग मिलेगा। राज्य सरकार की यह पहल किसानों के प्रति उनके सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाती है।



