CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर्मचारी अधिवेशन में की DA बढ़ोतरी की घोषणा, बोले – कर्मचारी ही शासन की रीढ़
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और अनुशासन से ही शासन की नीतियां धरातल पर साकार होती हैं, राजधानी रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिक्षा संस्थान परिसर में आयोजित राज्य कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ के त्रैवार्षिक अष्टम प्रदेश अधिवेशन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ का प्रशासनिक ढांचा कर्मचारियों की ईमानदारी और कर्मठता के कारण प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है.
महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58%
मुख्यमंत्री साय ने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने की घोषणा की, उन्होंने कहा कि, बढ़ती महंगाई के दौर में यह निर्णय कर्मचारियों को वास्तविक राहत देगा और यह सरकार की कर्मचारी-हितैषी सोच को दर्शाता है.
सरकार–कर्मचारी समन्वय से मजबूत सुशासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह अधिवेशन केवल संगठनात्मक विमर्श नहीं, बल्कि सुशासन के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है, जब सरकार और कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हैं, तभी विकास की राह प्रशस्त होती है, उन्होंने बताया कि, बीते दो वर्षों में स्थानांतरण नीति, पदोन्नति प्रक्रिया और कार्यस्थल व्यवस्थाओं में सुधार कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी और कर्मचारी-अनुकूल बनाया गया है.
पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभों पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के समयबद्ध भुगतान को सरकार ने प्राथमिकता दी है, छत्तीसगढ़ पेंशन फंड की स्थापना और पेंशन फंड विधेयक के पारित होने से कर्मचारियों को सुरक्षित भविष्य का मजबूत आधार मिला है.
ई-ऑफिस और तकनीकी नवाचार
सरकार द्वारा ई-ऑफिस, ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल तकनीकों को बढ़ावा देकर कर्मचारियों की कार्यक्षमता को सशक्त किया जा रहा है, साथ ही प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को समय की मांग के अनुरूप तैयार किया जा रहा है.
नक्सलवाद पर प्रहार और बस्तर में विकास
मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षा बलों के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि, नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए मानवीय पुनर्वास नीति लागू की गई है, उन्होंने बताया कि, 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल उन्मूलन का लक्ष्य तय किया गया है और बस्तर क्षेत्र में ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के माध्यम से मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं.
छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047
मुख्यमंत्री ने कहा कि, विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ तैयार किया है, जो प्रदेश को विकास की नई दिशा और गति देगा.
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष गौरव कुमार सोनी, महामंत्री राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अरूण तिवारी, प्रदेश महामंत्री अश्वनी चेलक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.

