CG News: छत्तीसगढ़ में ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का निर्माण, CM साय करेंगे भूमिपूजन
CG News: छत्तीसगढ़ में बहुप्रतीक्षित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 जनवरी को नवा रायपुर अटल नगर के माना–तूता क्षेत्र में राज्योत्सव स्थल के पास प्रस्तावित फिल्म सिटी का विधिवत भूमिपूजन करेंगे, इसके बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी.
100 एकड़ में विकसित होगी अत्याधुनिक फिल्म सिटी
फिल्म सिटी लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी, इसका निर्माण मुंबई की इंद्रदीप इन्फ्रा इंडिया लिमिटेड कंपनी द्वारा पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और कंपनी के बीच अनुबंध पूर्ण हो चुका है.

400–500 करोड़ रुपये का निवेश
परियोजना में लगभग 400 से 500 करोड़ रुपये का निवेश होगा, इसमें निजी कंपनी द्वारा करीब 250 करोड़ रुपये और केंद्र सरकार द्वारा 150 करोड़ रुपये निवेश किया जाएगा, जबकि राज्य सरकार भूमि उपलब्ध करवा रही है.
स्थानीय कला उद्योग को बढ़ावा
नवा रायपुर में फिल्म सिटी के निर्माण से छत्तीसगढ़ में फिल्म मेकिंग, फिल्म टूरिज्म और स्थानीय कला उद्योग को नई दिशा मिलेगी, इससे छत्तीसगढ़ी फिल्मों, नाटकों और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और आसपास के क्षेत्रों में निवेश एवं व्यवसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी.
प्री और पोस्ट प्रोडक्शन की पूरी व्यवस्था
फिल्म सिटी में शूटिंग और फिल्म निर्माण से जुड़ी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, यहाँ अस्थायी और स्थायी सेट्स बनाए जाएंगे, जिनमें स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, जेल, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, तालाब, उद्यान, नदी और पर्वत जैसी लोकेशन शामिल होंगी.
कलाकारों के लिए आवास और स्टूडियो सुविधा
शूटिंग के दौरान फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी, इसके अलावा अत्याधुनिक स्टूडियो, प्री-प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन भवन, आउटडोर शूटिंग स्पेस और कन्वेंशन सेंटर भी परियोजना का हिस्सा होंगे.
टेंडर प्रक्रिया पूर्ण, निर्माण को हरी झंडी
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य के अनुसार फिल्म सिटी के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन के साथ ही यह महत्वाकांक्षी परियोजना औपचारिक रूप से धरातल पर उतर जाएगी.




