Jashpur News: जशपुर को 42 करोड़ की सौगात, सीएम साय ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को जशपुर जिले के प्रवास के दौरान विकास की बड़ी सौगात दी, उन्होंने पत्थलगांव और कांसाबेल विकासखंडों में 42 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है.

विकास कार्यों का लोकार्पण- भूमिपूजन
मुख्यमंत्री अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज विकास समिति के वार्षिकोत्सव में शामिल होने जशपुर पहुंचे थे, इस अवसर पर उन्होंने जिले के विकास को नई गति देने वाले कुल 18 कार्यों का अनावरण किया, कार्यक्रम के दौरान 9 पूर्ण विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया गया, जिनकी कुल लागत 13.56 करोड़ रुपये है, साथ हीं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 9 नए विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी गई.
सड़क और प्रशासनिक भवनों को मिली मजबूती
पूर्ण हुए कार्यों में कांसाबेल विकासखंड के कोरंगा बस्ती से ग्यारटोली मार्ग का निर्माण (2.63 करोड़ रुपये), मुसकुटी से मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण (4.28 करोड़ रुपये) तथा पत्थलगांव में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय भवन का निर्माण शामिल है, जिसकी लागत लगभग 54 लाख रुपये है.

नई अधोसंरचनाओं की शुरुआत
नए कार्यों में आमाटोली में 100 सीटर बालक छात्रावास का निर्माण प्रमुख है, यह परियोजना क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, मुख्यमंत्री ने ग्राम दोकड़ा में आयोजित वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यक्रम में भी शिरकत की, यहां 1.75 करोड़ रुपये की लागत से 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया.
जशपुर के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, फरसाबहार में मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा, जिससे महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, साथ ही नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना की घोषणा की गई, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्राप्त होगी.
14 गांवों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
मुख्यमंत्री ने 14 गांवों को लाभ पहुंचाने वाली बगिया सिंचाई योजना की शुरुआत की घोषणा की, इसके साथ ही उन्होंने बताया कि, प्रदेश भर में सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए 2800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
नया चिकित्सालय भवन और पुल निर्माण
दोकड़ा में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम का नया चिकित्सालय भवन बनाया जाएगा, जिस पर 95 लाख रुपये खर्च होंगे, इसके अलावा गांव में दो आरसीसी पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह संस्थान जनजातीय समाज को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहा है.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रमों में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, पूर्व सांसद नंद कुमार साय, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट, कलेक्टर रोहित व्यास सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे.



