CG News : SC से CGPSC घोटाले के 4 आरोपियों को मिली ज़मानत
CG News : लोक सेवा आयोग परीक्षा घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट ने चार आरोपियों को ज़मानत दे दी है। उनमें पीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के बेटे नितेश सोनवानी, भतीजे साहिल सोनवानी, कारोबारी श्रवण गोयल के बेटे शशांक गोयल और बहू भूमिका कटियार शामिल हैं।
सीबीआई कर रही है जाँच
सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के बाद यह ज़मानत मंज़ूर की है। इन सभी पर CGPSC की चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी करने के आरोप हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है।
CBI ने पूर्व चेयरमैन को बताया मास्टरमाइंड
CGPSC घोटाले की जांच कर रही CBI ने 30 सितंबर को स्पेशल कोर्ट में 2000 पन्नों का पहला पूरक चालान पेश किया था। इस चालान में कई महत्वपूर्ण खुलासे किए गए हैं। जांच एजेंसी ने CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को घोटाले का मास्टरमाइंड बताया है।
अब तक 12 गिरफ्तारियां हुई
चालान में आरती वासनिक, जीवन किशोर ध्रुव, निशा कोसले और दीपा आडिल को भी आरोपी बनाया गया है। CBI ने सबूतों और गवाहों के आधार पर सभी आरोपियों की भूमिकाओं का विस्तार से उल्लेख किया है। इस मामले में अब तक कुल 12 गिरफ्तारियां हो चुकी है |
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग परीक्षा घोटाला
यह घोटाला वर्ष 2020 से 2022 के बीच हुई भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ा है। आरोप है कि CGPSC की परीक्षाओं और इंटरव्यू में पारदर्शिता को दरकिनार करते हुए, राजनीतिक और प्रशासनिक रसूख वाले परिवारों के उम्मीदवारों को उच्च पदों पर चयनित किया गया।



