CG News : बस्तर पुलिस ने किया बड़े साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
CG News : बस्तर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। इस गिरोह ने APK फाइल के ज़रिए पीड़ित के मोबाइल को हैक कर उनके बैंक खाते से प्री-अप्रूव्ड लोन निकाल लिया था।
अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश
बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन ठगों ने इतनी चालाकी से ठगी को अंजाम दिया था कि पीड़ित को कई महीनों बाद इसका पता चला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को झारखंड से और दो को मुंबई से धर दबोचा। गिरोह का मुख्य आरोपी अब्दुल मजीद बताया जा रहा है, जिस पर देशभर में 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले दर्ज हैं।
बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जगदलपुर निवासी अमलेश कुमार को जनवरी 2025 में उनके बैंक खाते से लोन लेने की जानकारी मिली। जब वह बैंक पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि लोन के पैसे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। इसके बाद पीड़ित ने बोधघाट थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
APK फाइल से हैक किया मोबाइल
पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने एक APK फाइल के जरिए पीड़ित के मोबाइल फोन को हैक कर लिया था। मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर, आरोपियों ने बड़ी चालाकी से पीड़ित के बैंक खाते से प्री-अप्रूव्ड लोन निकाल लिया। ठगी की गई राशि को आरोपियों ने कई ‘म्यूल खातों’ (किराए पर लिए गए या फर्जी खातों) में ट्रांसफर कर दिया था।
150 से अधिक म्यूल खाते ऑपरेट कर रहे थे आरोपी
इस मामले में बस्तर पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा से अब्दुल मजीद को गिरफ्तार किया। वहीं, मुंबई से सत्यम और संतोष को भी धर दबोचा गया। मुख्य आरोपी अब्दुल मजीद पर देशभर में कुल 46 मामले दर्ज हैं, जिनमें 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपी सत्यम और संतोष मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले हैं। तीनों आरोपी मिलकर 150 से अधिक म्यूल खातों का संचालन कर रहे थे, जिनका इस्तेमाल वे ठगी के पैसों को इधर-उधर करने के लिए करते थे।
यह भी पढ़े : CG News : अब नक्सल क्षेत्र में दौड़ेगी रेल, विकास को मिलेगी रफ्तार

Author: Safeek khan
I create real art through my articles..