CG News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सख्त संदेश: राजस्व त्रुटियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
CG News : रायगढ़ में आयोजित सुशासन तिहार की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासनिक अमले को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व अभिलेखों में त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के लॉगिन से गलत प्रविष्टि होती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “लोगों की जमीन, खेती और दस्तावेजों में अगर गलत जानकारी रहती है, तो जनता का विश्वास शासन से उठ सकता है। इसे रोकने के लिए जरूरी है कि राजस्व व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए।” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्रुटियों के सुधार कार्य की निगरानी विशेष रूप से की जाए।
सिंचाई योजनाओं में देरी पर नाराजगी
बैठक में मुख्यमंत्री ने लात नाला सिंचाई परियोजना की वर्षों से अधूरी स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसे शीघ्र पूर्ण करने के आदेश दिए। साथ ही, अटल सिंचाई योजना के तहत लंबित सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 26 गांवों में भूमि रजिस्ट्री पर लगे प्रतिबंध को हटाने के निर्देश भी दिए, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
नियमित गांव दौरे के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा ताकि स्थानीय स्तर की समस्याएं तत्काल हल हो सकें। उन्होंने कहा कि अब जिले छोटे हो गए हैं, इसलिए अधिकारी समय निकालकर अधिक से अधिक गांवों तक पहुँचें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज लेने में कोई परेशानी न हो। डीएपी की संभावित कमी को देखते हुए वैकल्पिक विकल्पों की जानकारी किसानों को दी जाए। इसके साथ ही फसल चक्र परिवर्तन के लिए भी किसानों को प्रेरित करने की बात कही।
मानसून पूर्व तैयारियों की चर्चा करते हुए उन्होंने अस्पतालों में एंटीवेनम दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में डेंगू व पीलिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छता एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने मैदानी जिलों में अवैध शराब की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। ओडिशा सीमा से होने वाली शराब की आवाजाही पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा।
नारायणपुर अबूझमाड़ में मुठभेड़, बसव राजू और साथियों का विधिसम्मत अंतिम संस्कार
विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
बैठक में रेशम उत्पादन, भू-जल स्तर में सुधार, पर्यटन विकास, सड़क मरम्मत, और जन औषधि केंद्रों के प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर भी गहन चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता के सेवक हैं, और जनकल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।”
बैठक में मौजूद प्रमुख अधिकारीगण
इस समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव पी. दयानंद, संभाग आयुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, सीसीएफ प्रभात मिश्रा सहित रायगढ़ और सारंगढ़ के वरिष्ठ प्रशासनिक व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़े : CG News : सुशासन तिहार: कनकबीरा में सीएम विष्णुदेव साय ने लगाई चौपाल, जनता से सीधा संवाद
