CG News: मुख्यमंत्री साय के निर्देशों का असर: धमतरी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, 5 चैन माउंटेन मशीनें जब्त
CG News: छत्तीसगढ़ में अवैध खनन के खिलाफ सरकार की कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कड़े निर्देशों के बाद प्रदेशभर में खनिज विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
धमतरी में बड़ी कार्रवाई
इसी क्रम में धमतरी जिले के ग्राम नारी स्थित महानदी क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान 5 चैन माउंटेन मशीनें अवैध रूप से रेत उत्खनन में संलग्न पाई गईं। संयुक्त जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
बिना अनुमति हो रहा था रेत उत्खनन
जांच के दौरान मशीन संचालकों द्वारा किसी भी प्रकार की वैध अनुमति या आदेश प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद सभी मशीनों को अवैध खनन मानते हुए जब्त कर सील कर दिया गया।
कानूनी कार्रवाई और नोटिस जारी
मामले में खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई है। मशीनों के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
तकनीक और निगरानी से सख्ती बढ़ी
खनिज विभाग की तकनीक आधारित मॉनिटरिंग और सतत निगरानी के चलते अब अवैध खनन गतिविधियों पर तेजी से अंकुश लगाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्रदेशभर में ऐसे मामलों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




