CG News: राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका का प्रेरणादायक संबोधन, बालिका गृह की बेटियों से किया आत्मीय संवाद
CG News: रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने एसओएस बालिका गृह, माना की बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने अंगदान और देहदान का संकल्प लेकर मानवता की सेवा करने वाले 75 नागरिकों को सम्मानित किया।
बालिकाओं को दिया जीवन का संदेश
राज्यपाल ने बालिका गृह की बेटियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे समाज और राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, उन्होंने बालिकाओं से कहा कि वे अपने सपनों को कभी छोटा न समझें और निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ती रहें।

पुस्तकों को बताया ज्ञान का स्थायी स्रोत
राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल युग में जानकारी बदलती रहती है, लेकिन पुस्तकें लंबे समय तक मार्गदर्शन देती हैं। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने और महान व्यक्तित्वों की जीवनियां अध्ययन करने की सलाह दी।
समाज के लिए कुछ देने की भावना जरूरी
उन्होंने कहा कि जीवन केवल पाने के लिए नहीं, बल्कि समाज को कुछ देने के लिए होना चाहिए। दूसरों की मदद और समाज कल्याण के लिए कार्य करना ही सच्चे जीवन का उद्देश्य है, राज्यपाल ने मानव, पशु और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने वृक्षारोपण और जल संरक्षण को अत्यंत जरूरी बताते हुए चेतावनी दी कि यदि अभी ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले वर्षों में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है।
अंगदान और देहदान सर्वोच्च सेवा
राज्यपाल ने कहा कि अंगदान से कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है, जबकि देहदान चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया और अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित होने का आह्वान किया।
75 नागरिकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में अंगदान और देहदान का संकल्प लेने वाले 75 नागरिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को भी इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष सम्मान दिया गया।



