CG News: बदलती खेती का नया दौर: नैनो यूरिया और नैनो डीएपी बन रहे किसानों की पहली पसंद
CG News: रायपुर में खेती के तरीकों में धीरे-धीरे बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बढ़ती लागत, मिट्टी की घटती उर्वरा शक्ति और पारंपरिक उर्वरकों के अधिक उपयोग की चुनौतियों के बीच अब किसान नैनो यूरिया और नैनो डीएपी की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं।
कम लागत में बेहतर उत्पादन का विकल्प
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, नैनो उर्वरक पारंपरिक खाद की तुलना में अधिक प्रभावी और किफायती विकल्प साबित हो सकते हैं। इनके उपयोग से न केवल खेती की लागत कम होती है, बल्कि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में भी सुधार देखा जा रहा है।
खाद खर्च में संभावित बचत
विशेषज्ञों का मानना है कि नैनो यूरिया के प्रयोग से प्रति एकड़ पारंपरिक यूरिया की तुलना मंै लागत में कमी लाई जा सकती है। इसी तरह नैनो डीएपी के साथ आंशिक उपयोग से भी किसानों को कुछ हद तक आर्थिक राहत मिलती है।
मिट्टी और पर्यावरण के लिए फायदेमंद
वैज्ञानिकों के अनुसार पारंपरिक यूरिया का बड़ा हिस्सा मिट्टी और पानी में व्यर्थ चला जाता है, जबकि नैनो यूरिया के सूक्ष्म कण पौधों द्वारा तेजी से अवशोषित हो जाते हैं। इससे पौधों को संतुलित पोषण मिलता है और मिट्टी की गुणवत्ता भी बेहतर बनी रहती है, इसके साथ ही भूजल प्रदूषण में कमी और मिट्टी की जैविक सक्रियता में सुधार जैसे सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
फसल उत्पादन में सुधार के संकेत
कृषि परीक्षणों में यह भी देखा गया है कि संतुलित उपयोग की स्थिति में फसल की बढ़वार बेहतर होती है, दानों का भराव मजबूत होता है और उत्पादन में लगभग 5 से 8 प्रतिशत तक वृद्धि के संकेत मिलते हैं, कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में टिकाऊ खेती के लिए उर्वरकों के उपयोग में बदलाव जरूरी होगा। नैनो उर्वरक इसी दिशा में एक आधुनिक तकनीकी समाधान के रूप में उभर रहे हैं।
आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में कदम
नैनो उर्वरकों के बढ़ते उपयोग से आयातित उर्वरकों पर निर्भरता कम हो सकती है। इससे न केवल देश की आर्थिक बचत होगी, बल्कि कृषि क्षेत्र में रोजगार और उत्पादन इकाइयों को भी बढ़ावा मिलेगा, कृषि विभाग के अनुसार, प्रदेश में पारंपरिक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। साथ ही नैनो यूरिया और नैनो डीएपी की उपलब्धता भी कृषि सेवा केंद्रों और समितियों के माध्यम से लगातार बढ़ाई जा रही है।




