CG News: तीन साल बाद फिर होगा पारंपरिक ‘बंधा मतौर तालाब कार्यक्रम’, कोंडागांव में मछली महोत्सव को लेकर उत्साह
CG News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के ग्राम बरकई में तीन साल बाद एक बार फिर पारंपरिक ‘बंधा मतौर तालाब कार्यक्रम’ का आयोजन होने जा रहा है। 23 मई को होने वाले इस अनोखे मछली महोत्सव को लेकर ग्रामीणों और आयोजकों में भारी उत्साह है। इस आयोजन में कोंडागांव सहित पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। वर्ष 2023 में इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार उससे भी बड़ी भीड़ की उम्मीद है।

सदियों पुरानी परंपरा बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की शुरुआत मालगुजार द्वारा तालाब किनारे पूजा-अर्चना से होती है। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच जैसे ही आयोजन शुरू होता है, तालाब की मछलियां पानी से बाहर उछलने लगती हैं। इसके बाद लोग तालाब में उतरकर मछली पकड़ते हैं।
अनोखी मान्यता भी जुड़ी है परंपरा से
स्थानीय मान्यता के अनुसार, कार्यक्रम के अंत में जब मालगुजार पानी में उंगली डालते हैं तो मछलियां फिर से पानी में चली जाती हैं। यही परंपरा इस आयोजन को खास बनाती है।
टिकट और उपकरण के लिए शुल्क तय
आयोजन समिति के अनुसार प्रवेश शुल्क 200 रुपये रखा गया है। जाली, सौकी और चाघोड़ी जैसे पारंपरिक उपकरणों के लिए अलग शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि हाथ से मछली पकड़ने की अनुमति निशुल्क है।
पड़ोसी राज्यों से भी आते हैं लोग
इस आयोजन में जिले के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी लोग शामिल होते हैं। ओडिशा से भी बड़ी संख्या में लोग पहले आए थे और इस बार भी उनके आने की उम्मीद है। पूरा आयोजन लोक संस्कृति, संगीत और उत्साह से भरपूर एक मेले जैसा माहौल बनाता है।


