CG News: पेयजल संकट पर सख्त हुए मुख्यमंत्री साय, कहा- हर हाल में लोगों तक पहुंचे पानी
CG News: छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सख्त रुख सामने आया है। कोरिया जिले में आयोजित सुशासन तिहार की चौपाल में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी गांव या शहर में पानी की समस्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि पेयजल व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी सीधे कलेक्टर की तय होगी।
“कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी”
मुख्यमंत्री ने चौपाल के दौरान अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में आम जनता को पानी के लिए परेशान होना पड़े, यह बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा, उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों से पेयजल संकट की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिन्हें तत्काल दूर किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं होगी।
कलेक्टर की तय होगी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान समय पर नहीं हुआ तो संबंधित कलेक्टर की जिम्मेदारी तय की जाएगी, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित मॉनिटरिंग करें और सुनिश्चित करें कि लोगों तक हर हाल में पर्याप्त पानी पहुंचे।
निर्माणाधीन पानी टंकियों पर भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पानी टंकियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी की जाएं, जहां अभी निर्माण कार्य जारी है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था कर लोगों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनता को राहत देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं बिना परेशानी के मिलें। पेयजल जैसी जरूरी व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी, उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं का समाधान करने और आम जनता की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



