CG News: मुख्यमंत्री साय ने सूरजपुर जिला अस्पताल में अत्याधुनिक CT Scan सुविधा का किया शुभारंभ
CG News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला चिकित्सालय सूरजपुर में अत्याधुनिक 32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब जिले के लाखों लोगों को गंभीर बीमारियों की जांच के लिए दूसरे शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, सीजीएमएससी और मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के माध्यम से लगभग 4 करोड़ 49 लाख 99 हजार रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक सुविधा स्थापित की गई है, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगी और लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।

9 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा फायदा
इस नई सीटी स्कैन सुविधा का लाभ सूरजपुर जिले की करीब 9 लाख 11 हजार आबादी के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी मिलेगा, अब मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच के लिए अंबिकापुर या दूसरे शहरों में रेफर नहीं किया जाएगा।
किन बीमारियों की होगी जांच?
जिला अस्पताल में अब कई गंभीर और जटिल बीमारियों की जांच आसानी से हो सकेगी, जिनमें
• सड़क दुर्घटना में हेड इंजरी
• मस्तिष्क में ब्लड क्लॉट या रक्तस्राव
• कैंसर और ट्यूमर
• स्ट्रोक और पैरालिसिस
• छाती संबंधी संक्रमण
• पेट की गंभीर बीमारियां
• मिर्गी जैसी समस्याएं शामिल हैं।
समय और पैसा दोनों बचेंगे
अब तक मरीजों को जांच के लिए अंबिकापुर भेजा जाता था, जिससे समय और पैसों की अतिरिक्त परेशानी होती थी। लेकिन अब जिला अस्पताल में ही कम खर्च में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होगी, निजी केंद्रों की तुलना में यह जांच काफी सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
24 घंटे मिलेगी सुविधा
अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की 24×7 टीम भी तैनात की गई है, ताकि मरीजों को लगातार और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस सुविधा से मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और जिले में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ज्यादा मजबूत बनेंगी।


