CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने लॉन्च किया ‘ई-श्रम साथी’ ऐप, श्रमिकों और नियोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के निर्माण श्रमिकों के लिए बड़ी डिजिटल पहल की है। श्रम विभाग द्वारा “ई-श्रम साथी” मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है, जिसका उद्देश्य श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
बिना बिचौलियों के मिलेगा रोजगार
यह ऐप खास तौर पर उन श्रमिकों के लिए तैयार किया गया है जो अपने कौशल के अनुसार काम की तलाश करते हैं। अब मजदूरों को काम ढूंढने के लिए बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ई-श्रम साथी ऐप के जरिए श्रमिक सीधे नियोक्ताओं से जुड़ सकेंगे और अपनी योग्यता के अनुसार काम चुन पाएंगे।

घर के पास मिलेगा काम
ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि श्रमिक अपने निवास स्थान के आसपास उपलब्ध रोजगार की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। ऐप पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क और बेहद आसान रखी गई है।
सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
ई-श्रम साथी ऐप केवल रोजगार का माध्यम नहीं होगा, बल्कि यह श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ दिलाने में भी मदद करेगा। श्रमिक खुद अपना डेटा दर्ज कर सकते हैं और अपनी दक्षता के अनुसार काम तलाश सकते हैं।
नियोक्ताओं को भी मिलेगा फायदा
यह ऐप नियोक्ताओं के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा। कंपनियां और ठेकेदार अपनी जरूरत के अनुसार कुशल और अकुशल श्रमिकों की खोज आसानी से कर सकेंगे। विभाग द्वारा सत्यापित श्रमिकों की जानकारी मिलने से भर्ती प्रक्रिया तेज और भरोसेमंद बनेगी।
हेल्पलाइन नंबर भी जारी
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने सभी पात्र नागरिकों से ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। साथ ही लोग अपने नजदीकी श्रम कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।



