CG News: मुख्यमंत्री साय ने डॉ. अंबेडकर, गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा की प्रतिमाओं का अनावरण किया
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मुंगेली जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, बाबा गुरु घासीदास, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा की प्रतिमाओं का अनावरण किया।
यह कार्यक्रम सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविरों के साथ आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ आम जनता तक पहुंचाना है।

डॉ. भीमराव अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने कलेक्टोरेट कार्यालय के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से देश को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत नींव दी।

गुरु घासीदास के संदेश को बताया प्रेरणादायी
दाऊपारा में गुरु घासीदास बाबा की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सत्य, अहिंसा और समानता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और भाईचारे की प्रेरणा देते हैं।

महाराणा प्रताप के आदर्शों पर युवाओं से आह्वान
पड़ाव चौक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें महान योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। साथ ही उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।

सेवा और समर्पण की प्रतीक
रायपुर रोड तिराहा में भक्त माता कर्मा की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन सेवा, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। उनके आदर्श समाज को मानव सेवा और संस्कारों की प्रेरणा देते हैं।
पूरे शहर में उत्साह का माहौल
इस अवसर पर नगर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।




