CG News: छत्तीसगढ़ के गंगरेल बांध की सुरक्षा होगी और मजबूत, सरकार ने जारी किए 65.50 करोड़ रुपए
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं में शामिल रविशंकर सागर जलाशय यानी गंगरेल बांध की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जल संसाधन विभाग ने बांध के गेटों की मरम्मत और जरूरी संरक्षण कार्यों के लिए 65 करोड़ 50 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। सरकार का कहना है कि इस काम से जलाशय की सुरक्षा और कार्यक्षमता पहले से ज्यादा मजबूत होगी।
![]()
गेटों की होगी हाईटेक मरम्मत
सरकारी मंजूरी के तहत गंगरेल बांध में एपॉक्सी ग्राउटिंग, हाई प्रेशर वाटर जेट से सफाई और अन्य तकनीकी मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इन कामों का उद्देश्य बांध की संरचनात्मक मजबूती बढ़ाना और भविष्य में किसी भी खतरे को रोकना है।
गुणवत्ता और मॉनिटरिंग पर रहेगा फोकस
राज्य शासन ने महानदी परियोजना के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही निविदा प्रक्रिया, तकनीकी मानकों और वित्तीय अनुशासन का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
किसानों और आम जनता को मिलेगा फायदा
रविशंकर सागर जलाशय प्रदेश की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं में शामिल है। इससे हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा मिलती है, साथ ही कई इलाकों में जलापूर्ति भी होती है। मरम्मत कार्य पूरे होने के बाद जलाशय की क्षमता और सुरक्षा में सुधार होगा, जिससे लंबे समय तक किसानों और आम जनता को फायदा मिलेगा।
प्रदेश की बड़ी सिंचाई परियोजना
धमतरी जिले में स्थित गंगरेल बांध छत्तीसगढ़ की पुरानी और महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। यह बांध कृषि, पेयजल और क्षेत्रीय विकास में अहम भूमिका निभाता है। अब सरकार इसके आधुनिकीकरण और सुरक्षा को लेकर बड़े स्तर पर काम शुरू करने जा रही है।



