CG News: PM जनमन योजना में बड़ा अपडेट, विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को मिलेंगे हजारों आवास
CG News: छत्तीसगढ़ में विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के लिए चलाए जा रहे पीएम जनमन अभियान के तहत बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद गरियाबंद प्रशासन ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि पात्र परिवार को जल्द ही आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
हजारों परिवारों को मिला लाभ
राज्य सरकार के मुताबिक पीएम जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के तहत अब तक 33 हजार से ज्यादा आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 21 हजार मकान बनकर तैयार भी हो चुके हैं। जो परिवार पहले सर्वे से छूट गए थे, उनके लिए दोबारा सर्वे कराया जा रहा है।
वायरल वीडियो के बाद चर्चा
हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें विशेष पिछड़ी जनजाति का एक परिवार आवास की मांग करता नजर आया। इस मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की।
क्यों छूट गया था परिवार?
जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने बताया कि संबंधित परिवार पहले उड़ीसा में रह रहा था। इसी वजह से वर्ष 2011, 2018 और 2024 के सर्वे में उनका नाम शामिल नहीं हो पाया। कुछ दिन पहले ही परिवार वापस छत्तीसगढ़ लौटा है, प्रशासन ने बताया कि परिवार का सर्वे पीएम जनमन योजना के तहत पूरा कर लिया गया है। पात्रता की प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द आवास स्वीकृत कर दिया जाएगा।
तुरंत मिली दूसरी सुविधाएं
समाधान शिविर में अधिकारियों ने परिवार का राशन कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड भी तुरंत बनवाया। साथ ही आयुष्मान कार्ड की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि परिवार को सभी जरूरी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
सरकार का दावा
प्रशासन का कहना है कि जिले में लगातार सर्वे कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार दूर-दराज क्षेत्रों में रहते हैं, इसलिए कई बार दोबारा सर्वे की जरूरत पड़ती है।



