CG News: अबूझमाड़ में डिजिटल क्रांति: ताहकाडोंड गांव में लगा पहला मोबाइल टावर
CG News: छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में अब बदलाव की नई कहानी लिखी जा रही है नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम ताहकाडोंड में पहली बार मोबाइल टावर स्थापित हुआ है। इसके साथ ही वर्षों से संचार व्यवस्था से कटे इस इलाके में अब मोबाइल की घंटी गूंजने लगी है।
यह केवल एक टावर नहीं, बल्कि विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी की नई शुरुआत माना जा रहा है।
![]()
सिग्नल खोजने की मजबूरी खत्म
ग्राम पंचायत मेटानार के आश्रित गांव ताहकाडोंड और आसपास के इलाके लंबे समय से “नो नेटवर्क जोन” में शामिल थे, ग्रामीणों को एक फोन कॉल करने के लिए ऊंची पहाड़ियों पर चढ़ना पड़ता था या कई किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता था, अब मोबाइल टावर लगने के बाद ताहकाडोंड, कदेर और ब्रेहबेड़ा सहित आसपास के गांवों के करीब 400 ग्रामीणों को सीधा फायदा मिल रहा है।
आपातकालीन सेवाओं में मिलेगी बड़ी राहत
मोबाइल नेटवर्क आने से अब ग्रामीण आपात स्थिति में तुरंत 108 एंबुलेंस जैसी सेवाओं से संपर्क कर सकेंगे, समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी और गंभीर बीमारियों के इलाज में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान
इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलने के बाद अब ग्रामीण ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं के आवेदन घर बैठे कर पा रहे हैं, इससे न केवल डिजिटल सशक्तिकरण बढ़ेगा, बल्कि शासन की योजनाओं की जानकारी भी सीधे लोगों तक पहुंचेगी, ई-गवर्नेंस को बढ़ावा मिलने से बिचौलियों की भूमिका कम होगी और कामकाज में पारदर्शिता आएगी।
शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे
ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल नेटवर्क आने से अब बच्चों की पढ़ाई, युवाओं को जानकारी और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
अबूझमाड़ जैसे दुर्गम इलाके में यह बदलाव सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, स्थानीय लोगों ने इस पहल को नए युग की शुरुआत बताया है, सरकार का यह प्रयास यह साबित करता है कि अब भौगोलिक दूरी और दुर्गम पहाड़ियां भी विकास की राह में बाधा नहीं बनेंगी।




