CG News: मैनपाट की पेयजल समस्या पर CM साय सख्त, खबर पढ़ते ही कलेक्टर को दिए तत्काल निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पेयजल संकट की खबर सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बुधवार सुबह अखबार में प्रकाशित खबर पढ़ते ही मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया और सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत को फोन कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

दूषित पानी पीने को मजबूर थे ग्रामीण
मैनपाट के सपनादर स्थित चेराजोबला बस्ती में रहने वाले वनवासी लंबे समय से नाला और ढोढ़ी के दूषित पानी पर निर्भर थे। इस समस्या को लेकर प्रकाशित खबर ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
तत्काल निरीक्षण और हैंडपंप के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्र का तुरंत स्थलीय निरीक्षण किया जाए। साथ ही जरूरत के अनुसार हैंडपंप खनन, वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था और स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता के साथ काम किया जाए।
आदिवासी क्षेत्रों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।



