CG News: सुशासन तिहार में CM साय ने महिलाओं को 642 करोड़ ट्रांसफर किए, कई विकास कार्यों की घोषणा
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत राजनांदगांव जिले के मोतीपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान पर जोर दिया।
योजना के तहत 642 करोड़ का ट्रांसफर
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 27वीं किस्त जारी करते हुए 68 लाख 52 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में 642 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की। इस कदम से महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण को और मजबूती मिली है।

राजनांदगांव के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की:
• राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग पर 200 करोड़ से बाईपास निर्माण
• टेड़ेसरा-घुमका-बाकल मार्ग (35 किमी) चौड़ीकरण के लिए 75 करोड़
• धनगांव-इंदामरा-बांकल मार्ग के लिए 30 करोड़
• वार्ड 1, 2, 3 और 8 में 25-25 लाख के विकास कार्य
• डोंगरगढ़ में माँ बम्लेश्वरी मंदिर के पास 15 कमरों का सर्किट हाउस
• जनपद पंचायत भवन के लिए 1 करोड़
• हॉकी प्रशिक्षण मैदान और महिला समूहों को रेडी-टू-ईट कार्य
1 मई से 10 जून तक चलेगा सुशासन तिहार
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक चलेगा। इसका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और शासन को जनता के करीब लाना है।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
CM साय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
400 से अधिक सेवाएं अब ऑनलाइन
उन्होंने बताया कि ई-डिस्ट्रिक्ट सिस्टम के माध्यम से 400 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा।
महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।
डॉ. रमन सिंह ने की CM की सराहना
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री की जनसमर्पित कार्यशैली की सराहना की और कहा कि वे लगातार दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर जनता से संवाद कर रहे हैं, राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (345 करोड़) और स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (25 करोड़) की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।



