CG News: छत्तीसगढ़ की कृतिका टेकाम ने रचा इतिहास, देशभर के एकलव्य विद्यालयों में बनीं टॉपर
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की होनहार छात्रा कृतिका टेकाम ने एक बार फिर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। कृतिका ने CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान हासिल किया है।
97% अंक के साथ बनीं देश की टॉपर
कृतिका टेकाम ने लगभग 750 एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को पीछे छोड़ते हुए 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और देश में टॉप कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। उनकी इस सफलता से न केवल उनका परिवा र बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री और मंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृतिका को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, प्रतिभा और राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रयासों का परिणाम है, वहीं आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने भी कृतिका की सराहना करते हुए कहा कि यह जनजातीय विद्यार्थियों की क्षमता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
एकलव्य विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन
राज्य में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का प्रदर्शन भी इस बार शानदार रहा।
• प्रदेश के 11 विद्यालयों का रिजल्ट 100% रहा
• कुल 75 एकलव्य विद्यालयों में जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है
राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट उपलब्धियां
केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेल और अन्य गतिविधियों में भी एकलव्य विद्यालयों के छात्र आगे बढ़ रहे हैं।
• राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में प्रदेश ने दूसरा स्थान हासिल किया
• गरियाबंद के कोसमबुड़ा विद्यालय को राष्ट्रीय यूथ ग्राम सभा प्रतियोगिता का विजेता चुना गया
शिक्षा से बदल रही तस्वीर
यह उपलब्धि दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास अब रंग ला रहे हैं। एकलव्य विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।




