CG News: बस्तर की पद्मा के जीवन में उजाला, बिजली बिल समाधान योजना बनी उम्मीद की किरण
CG News: बस्तर के एक छोटे से गांव बालेंगा में रहने वाली पद्मा कश्यप की जिंदगी कुछ समय पहले तक संघर्ष और अंधेरे से घिरी हुई थी। कम उम्र में माता-पिता को खोने के बाद वह अकेले ही जीवन की चुनौतियों से जूझ रही थीं।
बढ़ता बिजली बिल बना बड़ी परेशानी
आर्थिक तंगी के चलते पद्मा के घर का बिजली बिल बढ़ते-बढ़ते 9,000 रुपये तक पहुंच गया था। दो वक्त की रोटी जुटाना ही मुश्किल था, ऐसे में इतना बड़ा बिल चुकाना उनके लिए असंभव हो गया था। बिजली कटने की आशंका ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया।
सरकारी योजना से मिली राहत
इसी दौरान उन्हें राज्य सरकार की बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के बारे में जानकारी मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चलाई जा रही इस योजना के तहत पद्मा को 4,000 रुपये की सीधी राहत दी गई।
घर में लौटी रोशनी
इस सहायता के बाद पद्मा ने शेष बकाया राशि जमा कर दी और उनके घर की बिजली कटने से बच गई। अब उनके घर में फिर से उजाला है और जीवन में उम्मीद लौट आई है, पद्मा कश्यप कहती हैं, “जब बिल 9 हजार हो गया था, तो लगा अब घर में कभी उजाला नहीं होगा। लेकिन इस योजना ने मुझे सहारा दिया। आज मेरा घर रोशन है, इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करती हूं।”
हजारों जरूरतमंदों के लिए बना सहारा
पद्मा की यह कहानी अकेली नहीं है, बल्कि उन हजारों परिवारों की हकीकत है, जो आर्थिक तंगी के कारण बुनियादी सुविधाओं से दूर हो रहे थे। यह योजना ऐसे लोगों के लिए राहत और उम्मीद का माध्यम बन रही है।
अंत्योदय की दिशा में मजबूत कदम
राज्य सरकार की यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने की सोच को दर्शाती है। यह ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, आज बस्तर के सुदूर गांव में जलता एक छोटा सा बल्ब सिर्फ बिजली नहीं, बल्कि सरकार के प्रति भरोसे और नए भविष्य की उम्मीद का प्रतीक बन गया है।



