CG News: स्वास्थ्य बस्तर अभियान: सुकमा के दुर्गम इलाकों में पहुंची इलाज की सुविधा, 310 किमी सफर कर बची जान
CG News: सुकमा जिले की पहाड़ियों और दुर्गम क्षेत्रों में अब स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचने लगी हैं। स्वास्थ्य बस्तर अभियान के तहत एक मरीज को बेहतर इलाज दिलाने के लिए स्वास्थ्य टीम ने 310 किलोमीटर का लंबा सफर तय कराया, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका।
टीमवर्क से संभव हुआ जीवनदायी प्रयास
कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में पोटकपल्ली स्वास्थ्य टीम ने पुटेपढ़ गांव से मरीज को पहले किस्टाराम और फिर जिला अस्पताल तक पहुंचाया। यह प्रयास सतत स्क्रीनिंग, काउंसलिंग और मजबूत फॉलो-अप का परिणाम रहा।

17 मरीजों को किया गया रेफर
अभियान के दौरान किस्टाराम और मरईगुड़ा के अंदरूनी गांवों से कुल 17 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें विशेष उपचार के लिए भेजा गया।
आयुष्मान कार्ड से मिली आर्थिक राहत
14 मरीजों के मौके पर ही आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाकर प्रिंट किए गए, ताकि उन्हें इलाज के दौरान किसी तरह की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े, कोंटा क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर के दौरान 11 मरीजों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया गया। वहीं मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन के लिए सलाह दी गई।
दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
मरईगुड़ा और पोटकपल्ली के स्वास्थ्य कर्मियों ने यह साबित कर दिया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियां भी सेवा भावना के आगे बाधा नहीं बन सकतीं। यह अभियान दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
जीवनदायी पहल बन रहा अभियान
स्वास्थ्य बस्तर अभियान अब केवल एक योजना नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए उम्मीद की किरण बन चुका है, जो अब तक इलाज से दूर थे। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का सशक्त उदाहरण बन रही है।




