CG News: ‘कृति किराना स्टोर’ से आत्मनिर्भर बनीं करतम सविता, लखपति दीदी अभियान से बदली जिंदगी
CG News: सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड के पोलमपल्ली गांव की रहने वाली करतम सविता आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी नई पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और योजनाओं का साथ मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
मजदूरी से शुरू हुआ सफर
पहले सविता का परिवार मजदूरी पर निर्भर था और आर्थिक स्थिति कमजोर थी। लेकिन ‘प्रिया स्व-सहायता समूह’ से जुड़ने के बाद उन्हें नया रास्ता मिला। उन्होंने 60 हजार रुपये का ऋण लेकर ‘कृति किराना स्टोर’ शुरू किया, आज सविता अपने किराना व्यवसाय से हर महीने 8 से 10 हजार रुपये कमा रही हैं। सालाना उनकी आय 1 से 2 लाख रुपये तक पहुंच गई है, जिससे उनका परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है।
परिवार के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
सविता बताती हैं कि अब उन्हें रोज़गार के लिए भटकना नहीं पड़ता। दुकान से नियमित आय होने लगी है और परिवार में खुशहाली आई है। उनके व्यवसाय में परिवार के सदस्य भी सहयोग करते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई और भविष्य सुरक्षित हो रहा है।
‘लखपति दीदी’ अभियान बना सहारा
लखपति दीदी योजना और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, कलेक्टर अमित कुमार के अनुसार, जिले में 4 सेवा एक्सप्रेस के माध्यम से अब तक 5500 से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जा चुका है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
सरकारी योजनाओं ने दिए सपनों को पंख
सविता ने अपनी सफलता का श्रेय नरेंद्र मोदी और विष्णु देव साय की योजनाओं को दिया। उनका कहना है कि इन पहलों ने उन्हें मजदूरी छोड़कर अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया, आज सविता न केवल अपने परिवार का सहारा बनी हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा हैं। उनकी कहानी दिखाती है कि मेहनत और सही दिशा से हर सपना पूरा किया जा सकता है।



