CG News: छत्तीसगढ़ में अवैध खनन पर सख्ती, केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई में मशीनें जब्त
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा खनिज संसाधनों के संरक्षण और पारदर्शी उपयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रदेश के राजस्व को किसी प्रकार की क्षति न हो।
आकस्मिक निरीक्षण अभियान
संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म के केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता दल और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने 24 और 25 अप्रैल की रात आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों की विभिन्न रेत खदानों की जांच की गई।

कई खदानों में मिला नियमों का पालन
निरीक्षण के दौरान सक्ती जिले की घुरघट्टी, डोटमा, मरघट्टी, मिरौनी, सकराली, किकिरदा, देवरीमठ और करही खदानों में उत्खनन एवं परिवहन कार्य बंद पाया गया, जिससे नियमों के पालन की पुष्टि हुई।
अवैध खनन करते पकड़ी गईं मशीनें
जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा घाट क्षेत्र में हसदेव नदी के पास अवैध रूप से संचालित दो चैन माउंटेन मशीनें पकड़ी गईं। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों मशीनों को मौके पर जब्त कर लिया।
नवापारा में भी हुई बड़ी जब्ती
ग्राम नवापारा में दो एक्सकेवेटर मशीनें भी जब्त की गईं। इन मशीनों को अग्रिम आदेश तक कोटवार की सुपुर्दगी में रखा गया है। इस प्रकार कुल चार मशीनों को जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है।
सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी
इन मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ दंडात्मक प्रावधान लागू किए जाएंगे।
अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस नीति
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्यभर में केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला टास्क फोर्स को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
