CG News: संवेदनशील नेतृत्व की मिसाल, मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर वृद्ध हितग्राही को तत्काल पेंशन और राशन का लाभ
CG News: गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्री निवासी वृद्ध हितग्राही श्री भीखलु राम ध्रुव की समस्या मीडिया में सामने आते ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने बिना किसी देरी के जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पूरा प्रशासनिक अमला तुरंत सक्रिय हो गया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुई त्वरित कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने मामले की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित विभागों को तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि ई-केवाईसी लंबित होने के कारण हितग्राही को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

ई-केवाईसी पूरा होते ही बहाल हुई सुविधाएं
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ई-केवाईसी प्रक्रिया तुरंत पूर्ण कराई गई। इसके बाद श्री भीखलु राम ध्रुव को तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त प्रदान की गई और उनकी सभी पात्र योजनाएं पुनः बहाल कर दी गईं।
घर तक पहुँचा राशन
खाद्य विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हितग्राही के घर पहुंचकर 01 क्विंटल चावल उपलब्ध कराया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि आगे उन्हें नियमित रूप से उचित मूल्य दुकान से राशन मिलता रहे, जिससे उनकी बुनियादी जरूरतें स्थायी रूप से पूरी हो सकें।
लाभ मिलने पर हितग्राही ने जताया आभार
राहत मिलने के बाद श्री भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पेंशन और राशन मिलने से उनके जीवन में बड़ी राहत आई है और अब उन्हें सरकार पर पूरा भरोसा है।
संवेदनशील शासन की जमीनी मिसाल
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक समय पर लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और सक्रिय है।

