CG News: मुख्यमंत्री साय से जापानी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, निवेश और तकनीकी सहयोग पर चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच निवेश, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
निवेश संभावनाओं पर हुआ मंथन
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए राज्य में निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के चलते राज्य वैश्विक निवेशकों के लिए तेजी से एक आकर्षक गंतव्य बन रहा है।

जापान की तकनीक से मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री साय ने अपने जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान तकनीकी रूप से अग्रणी देश है और वहां की उन्नत तकनीक व विशेषज्ञता छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा दे सकती है।
रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के निवेश और सहयोग से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने दिखाई रुचि
जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में निवेश के लिए पारदर्शी और अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य में निवेश बढ़ाने की इच्छा भी जताई।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस मुलाकात में विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफएसएनएल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

