CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ी सफलता, बिलासपुर में 50 हजार से अधिक परिवारों को मिला पक्का घर
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 50 हजार से अधिक परिवारों के ‘अपना घर’ के सपने को साकार कर दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम जनमन योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से हजारों जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान मिल सके हैं।
781 करोड़ रुपये DBT से सीधे खातों में
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जिले ने 50 हजार 44 ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। प्रशासन ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, कुल 781.13 करोड़ रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी गई। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई और निर्माण कार्यों में तेजी आई।

इन विकासखंडों ने दिखाई सबसे ज्यादा प्रगति
आंकड़ों के अनुसार मस्तूरी विकासखंड 14,973 आवासों के साथ जिले में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद बिल्हा (13,762), कोटा (11,205) और तखतपुर (10,104) विकासखंडों का स्थान रहा। यह आंकड़े प्रशासनिक दक्षता और जमीनी स्तर पर मजबूत क्रियान्वयन को दर्शाते हैं।
नारी शक्ति बनी सफलता की सबसे बड़ी ताकत
इस योजना की सफलता में महिलाओं की अहम भूमिका रही।
• 113 महिलाओं को ‘रानी मिस्त्री’ बनाकर निर्माण कार्य में शामिल किया गया
• 331 महिलाओं को ‘डीलर दीदी’ बनाकर सामग्री आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई
• 2,231 महिलाओं को शटरिंग सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया
इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला और उनकी आय के नए स्रोत भी बने।
प्रदेश में दूसरा स्थान
वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक जिले में कुल 1,03,873 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जिससे बिलासपुर ने पूरे छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया है।
हितग्राहियों के जीवन में आया बड़ा बदलाव
डारसागर की झांगली बैगा और नेवसा की कैलाशा बाई जैसी महिलाओं के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं रही। कच्चे मकानों से पक्के घरों तक का सफर उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद लेकर आया है।
प्रशासन ने बताया ‘गौरवपूर्ण उपलब्धि’
कलेक्टर बिलासपुर ने कहा कि ये घर सिर्फ निर्माण नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान और सुरक्षा की मजबूत नींव हैं। वहीं जिला पंचायत CEO ने भविष्य में भी हर पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
