CG News: खूंटाघाट बांध से छोड़ा जाएगा पानी, 107 गांवों के 211 तालाब भरने की तैयारी
CG News: भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण इलाकों में बढ़ती पानी की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले के खूंटाघाट बांध में इस साल 80% जलभराव दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष से काफी बेहतर है।
25 अप्रैल से नहरों में छोड़ा जाएगा पानी
जल संसाधन विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल सुबह 11 बजे से बांध के बाएं और दाएं तट की नहरों से पानी छोड़ा जाएगा। यह पानी चरणबद्ध तरीके से गांवों तक पहुंचाया जाएगा, इस पहल से नहर किनारे बसे 107 गांवों के 211 तालाब भरे जाएंगे। इससे ग्रामीणों को घरेलू उपयोग, पशुओं के लिए पानी और अन्य जरूरतों में बड़ी राहत मिलेगी।
भूजल स्तर में होगा सुधार
विशेषज्ञों का मानना है कि तालाब भरने से भूजल स्तर बढ़ेगा और जल प्रबंधन को मजबूती मिलेगी। इससे आने वाले महीनों में जल संकट को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा, प्रशासन ने साफ किया है कि नहर का पानी केवल निस्तारी कार्यों के लिए ही इस्तेमाल किया जाएगा। सिंचाई, खासकर धान की खेती के लिए पानी का उपयोग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
जल संसाधन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि पानी का सही उपयोग करें और किसी भी प्रकार के दुरुपयोग से बचें, ताकि सभी गांवों तक समान रूप से पानी पहुंच सके, खूंटाघाट बांध से पानी छोड़े जाने का यह फैसला ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। सही प्रबंधन और सहयोग से इस बार गर्मी में जल संकट से काफी हद तक बचाव संभव है।
