CG News: रायपुर में ज्ञानभारतम् पांडुलिपि सर्वे की समीक्षा, नवाचारों के साथ तेजी लाने के निर्देश
CG News: रायपुर में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में ‘ज्ञानभारतम्’ राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण अभियान है।
31 मई तक सर्वे पूरा करने के सख्त निर्देश
बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य 31 मई तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने पांडुलिपियों की पहचान, दस्तावेजीकरण, डिजिटलीकरण और संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
“पांडुलिपि ट्रेजर हंट” जैसे नवाचारों पर फोकस
जनभागीदारी बढ़ाने के लिए “पांडुलिपि ट्रेजर हंट” जैसे नवाचारों को अपनाने का सुझाव दिया गया, ताकि आम नागरिक भी इस अभियान से जुड़ सकें। परंपरागत समुदायों, मंदिरों, मठों और पुरातात्विक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
समिति गठन और प्रशिक्षण अनिवार्य
प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय समिति के गठन, नोडल अधिकारी की नियुक्ति और सर्वेक्षण दलों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही स्थानीय पत्रकारों, साहित्यकारों और जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ने की बात कही गई।
बढ़ेगा अभियान का प्रभाव
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि शोधकर्ताओं के सहयोग से दूरस्थ क्षेत्रों से भी महत्वपूर्ण पांडुलिपियों की जानकारी जुटाई जा सकती है। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

