CG News: कांकेर में नक्सल संगठन को बड़ा झटका, परतापुर एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य दासरू ने किया आत्मसमर्पण
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से नक्सल संगठन को एक और बड़ा झटका लगा है। उत्तर बस्तर क्षेत्र में सक्रिय परतापुर एरिया कमेटी का सदस्य दासरू सोमवार को आमाबेड़ा थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जानकारी के अनुसार, हाल ही में तेलंगाना कैडर की नक्सली रूप की मुठभेड़ में ढेर होने के बाद संगठन में बचे हुए नक्सलियों के बीच भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है। इसी बीच दासरू ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।
पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण
दासरू लंबे समय से परतापुर एरिया कमेटी में सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रहा था। उसने आमाबेड़ा थाना पहुंचकर पुलिस के सामने हथियार डाल दिए और समाज की मुख्यधारा में शामिल होने की इच्छा जताई। इस आत्मसमर्पण की पुष्टि पुलिस अधीक्षक निखिल राखेछा ने की है।
सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ
राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को कई प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। इसी क्रम में दासरू को भी तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई, सरकार द्वारा उसे 25,000 रुपये की प्रारंभिक सहायता राशि दी गई है, जो कि कुल मिलाकर 50,000 रुपये (यदि अन्य सहयोगियों के साथ जोड़ें) के रूप में दी जाती है।
भविष्य में मिलने वाली सुविधाएं
पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आगे भी कई लाभ दिए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं
• 3 वर्षों तक हर महीने 10,000 रुपये स्टाइपेंड
• निःशुल्क आवास और भोजन
• स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण
• कृषि भूमि और आजीविका के साधन
• सुरक्षा और सामाजिक पुनर्वास सहायता
मुख्यधारा में लौटने की पहल
राज्य सरकार की नक्सल उन्मूलन और पुनर्वास नीति का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। लगातार हो रहे आत्मसमर्पण यह संकेत दे रहे हैं कि नक्सली संगठन में डर और टूटन बढ़ रही है, जबकि मुख्यधारा में लौटने की प्रक्रिया तेज हो रही है।

