CG News: कोरिया में अवैध कोयला खनन पर सेंट्रल फ्लाइंग स्क्वाड की बड़ी कार्रवाई, सुरंगों को ब्लास्टिंग से बंद करने के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार दूसरे दिन व्यापक कार्रवाई की है। रायपुर से पहुंची सेंट्रल फ्लाइंग स्क्वाड की टीम ने देवखोल और भालूमाड़ा क्षेत्रों का निरीक्षण कर अवैध खनन स्थलों को चिन्हित किया और उन्हें ब्लास्टिंग कर स्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए।
![]()
संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
इस कार्रवाई में जिला स्तरीय टास्क फोर्स खनिज, वन, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और बताया कि मौके पर वर्तमान में कोई कोयला या खनन सामग्री नहीं मिली, लेकिन पहले यहां बड़े पैमाने पर अवैध खनन गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

6 टन कोयला और उपकरण जब्त
एक दिन पहले, शनिवार को पटना तहसील के देवखोल जंगल में चलाए गए अभियान में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान
• 6 टन से अधिक कोयला जब्त किया गया
• कई अवैध सुरंगें ध्वस्त की गईं
• खनन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए
इन उपकरणों में फावड़ा, गैती, इलेक्ट्रिक पंप, पाइप और बड़ी मात्रा में बिजली के तार शामिल थे।
150 मीटर लंबी सुरंगों में कार्रवाई
टीम ने करीब 150 मीटर लंबी सुरंगों के भीतर प्रवेश कर अवैध खनन गतिविधियों की जांच की। इन सुरंगों का उपयोग लंबे समय से कोयला निकालने के लिए किया जा रहा था, रविवार को हुई कार्रवाई में कोरिया के अलावा सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिलों के खनिज अधिकारी, पुलिस, वन और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे।
ब्लास्टिंग से स्थायी बंदी के निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चिन्हित अवैध खनन स्थलों को ब्लास्टिंग के जरिए स्थायी रूप से बंद किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां दोबारा शुरू न हो सकें, इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और तेज किए जाएंगे।
