UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, CM साय ने व्यक्त की संवेदना
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार थीं. निधन के समय उनके छोटे बेटे महेंद्र और परिवार के अन्य सदस्य उनके पास मौजूद थे. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शोक का माहौल है. देश के कई नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है.

CM साय ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना संवेदना संदेश साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार बेहद दुखद है. सीएम साय ने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद किसी भी व्यक्ति के जीवन में अनमोल होता है और इस कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता. उन्होंने दुख की इस घड़ी में योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. साथ ही बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
![]()
गोरखपुर में थे CM योगी
मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में मौजूद थे. जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने पहले से निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. इस दौरान युवाओं के साथ उनका एक कार्यक्रम भी तय था. पारिवारिक दुख की इस घड़ी में भी उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम जारी रहे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी साल फरवरी में अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की थी और उनका हालचाल जाना था. मां के साथ उनकी तस्वीर भी सामने आई थी. इससे पहले मई 2022 में उत्तर प्रदेश में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद भी वह अपने गांव पहुंचे थे.
वर्ष 2020 में हुआ था पिता का निधन
योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन वर्ष 2020 में हुआ था. अब मां सावित्री देवी के निधन से उनके परिवार को एक और बड़ी व्यक्तिगत क्षति पहुंची है. 91 वर्ष की उम्र मंत उनका दुनिया से विदा होना परिवार के लिए दुखद है. मां का स्नेह और आशीर्वाद बच्चों के जीवन में हमेशा विशेष स्थान रखता है. सावित्री देवी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं.

One Response