शिक्षक भर्ती: लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया शुद्धि पत्र, दिव्यांग श्रेणियों में संशोधन के बाद मिलेगा नया मौका
शिक्षक भर्ती: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2026 को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के निर्देश पर लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में शुद्धि पत्र जारी किया है, याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में यह संशोधन किया गया है.
![]()
दिव्यांगता की नई श्रेणियों को किया गया शामिल
संशोधित अधिसूचना के अनुसार अब विभिन्न विषयों के शिक्षक पदों के लिए दिव्यांगता की उपयुक्त श्रेणियों का विस्तार किया गया है, इसके तहत हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान के लिए पूर्ण दृष्टिबाधिता और सेरेब्रल पाल्सी को शामिल किया गया है, वहीं गणित के लिए सेरेब्रल पाल्सी व कुष्ठ रोग से उपचारित तथा कृषि विषय के लिए सेरेब्रल पाल्सी को भर्ती के लिए उपयुक्त माना गया है.
कुल 1654 पदों पर होगी भर्ती प्रक्रिया
जारी जानकारी के अनुसार ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पदों को मिलाकर कुल 1654 पदों पर यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है, इसमें अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि जैसे विभिन्न विषयों के पद शामिल हैं, जिनका श्रेणीवार और विषयवार विवरण विज्ञापन में दिया गया है.

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पदों का स्पष्ट वितरण
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का वितरण चार प्रमुख समूहों में बांटा गया है, इसमें दृष्टिबाधिता (VI), श्रवण बाधिता (HI), अस्थिबाधिता (OI) और बहुदिव्यांगता (MD) के आधार पर पदों का श्रेणीवार निर्धारण किया गया है, जिससे पारदर्शी और न्यायसंगत अवसर सुनिश्चित हो सके.
ऑनलाइन आवेदन की तिथि जल्द होगी जारी
संशोधन के दायरे में आने वाले नए पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्यापमं द्वारा जल्द ही ऑनलाइन आवेदन की नई तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी, व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर शुद्धि पत्र की पूरी जानकारी उपलब्ध है, जबकि 7 अगस्त 2026 को जारी मुख्य विज्ञापन की बाकी सभी नियम और शर्तें यथावत बनी रहेंगी.


One Response