स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: छत्तीसगढ़ की 7,992 स्वच्छता दीदियों के लिए वर्दी और सुरक्षा उपकरणों को मंजूरी
स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: राज्य शासन ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के तहत प्रदेश के 145 नगरीय निकायों में कार्यरत 7,992 स्वच्छता दीदियों की वर्दी और सुरक्षा उपकरणों (पीपीई किट) की खरीदी के लिए कुल दो करोड़ 95 लाख 70 हजार 400 रुपये की राशि मंजूर की है. इस पूरी प्रक्रिया के तहत प्रति कर्मी 3,700 रुपये की दर से राशि खर्च की जाएगी, जिसका वहन संबंधित निकायों में उपलब्ध उपभोक्ता शुल्क यानी यूजर चार्ज की राशि से किया जाएगा.

नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा तय किए गए कड़े तकनीकी मापदंड
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्वीकृत राशि का उपयोग केवल और केवल स्वच्छता दीदियों की वर्दी और जरूरी सुरक्षा उपकरण खरीदने के लिए ही किया जा सकेगा. इस पूरी खरीदी प्रक्रिया में शासन के निर्धारित तकनीकी मापदंडों, नगरीय निकाय अधिनियमों और छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम (संशोधित 2026) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा.
![]()
खरीदी और खर्च का पूरा हिसाब देना होगा अनिवार्य
प्रशासनिक निर्देशों के मुताबिक, सामग्री की खरीदी में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, रायपुर द्वारा निर्मित उत्पादों की सीधी खरीद से जुड़े नियमों का भी पालन करना होगा. खरीदी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी निकायों को इसका पूरा ब्योरा विभाग को भेजना होगा, जिसमें कार्यादेश की प्रति, व्यय का विवरण, कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र और सत्यापित जियो-टैग तस्वीरें शामिल करना अनिवार्य किया गया है ताकि व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनी रहे.


One Response