महतारी वंदन योजना: दुर्ग के सेवा सेतु कार्यक्रम में सीएम साय ने जारी की महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त
महतारी वंदन योजना: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के रविशंकर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की, इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ₹632 करोड़ 40 लाख की राशि सीधे अंतरित की गई, सीएम साय ने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है.

दुर्ग जिले को विकास कार्यों की सौगात
सेवा सेतु कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने दुर्ग जिले के लिए लगभग ₹218 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, इनमें दुर्ग मेडिकल कॉलेज के छात्रों के लिए हॉस्टल निर्माण, जामगांव और पाटन अति उच्चदाब ट्रांसमिशन लाइन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं, इसके साथ ही शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सहायता चेक और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए.

नए सब-स्टेशन की घोषणा
क्षेत्रीय सुविधाओं का विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री ने रिसाली में ‘मिशन क्लीन सिटी’ लागू करने की बड़ी घोषणा की, इसके अतिरिक्त ग्राम उमरपोटी में 33/11 केवी सब-स्टेशन तथा धनोरा में नया विद्युत वितरण केंद्र खोलने का ऐलान किया गया, सीएम ने कहा कि इन विद्युत परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में कम वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी.
अटल डिजिटल सेवा केंद्र और 1076 हेल्पलाइन पर जोर
प्रशासनिक पारदर्शिता और सुशासन पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा सेतु के जरिए 36 नागरिक सेवाएं डिजिटल रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं, उन्होंने कहा कि हर पंचायत में ‘अटल डिजिटल सेवा केंद्र’ बनाए जा रहे हैं ताकि ग्रामीणों को सरकारी काम के लिए बाहर न भटकना पड़े, वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से 8 हजार से अधिक अधिकारियों को जोड़ा गया है ताकि जनता की शिकायतों का तय सीमा में निवारण हो सके.

पीएम मोदी के नेतृत्व और सुशासन की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखांकित किया, उन्होंने धारा 370 के खात्मे, राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक की समाप्ति जैसे साहसिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार मोदी की हर गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और छत्तीसगढ़ में पारदर्शी प्रशासन के साथ जन-कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है.
