CG News: छत्तीसगढ़ में दिसंबर में नगर पालिका और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, 30 नवंबर को आएगा अंतिम मतदाता सूची
CG News: छत्तीसगढ़ में आगामी दिसंबर 2026 में होने वाले नगर पालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत के आम व उप-निर्वाचनों की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं, राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह की अध्यक्षता में सामान्य प्रशासन, नगरीय प्रशासन एवं पंचायत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, बैठक में चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों, रिक्त पदों, आरक्षण, परिसीमन तथा मानव संसाधन की उपलब्धता की गहन समीक्षा की गई.
![]()
30 नवंबर को होगा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के अद्यतनीकरण का कार्य तेजी से जारी है, आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम मतदाता सूची (निर्वाचक नामावली) का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा, इसके साथ ही पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती तथा तकनीकी संसाधनों के प्रबंधन पर भी विस्तृत चर्चा की गई.
पंचायतों में आम एवं उप-निर्वाचन का खाका तैयार
पंचायत निर्वाचन के तहत प्रदेश के सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा 126 पंच पदों के लिए आम निर्वाचन प्रस्तावित हैं, इसके साथ ही विभिन्न जिलों में जनपद पंचायत सदस्य के 1 रिक्त पद, सरपंच के 92 रिक्त पदों और पंच के 721 रिक्त पदों के लिए उप-निर्वाचन कराया जाएगा, जिसके लिए प्रशासनिक अमले को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं.

15 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव
नगरीय निकाय चुनावों के अंतर्गत नवगठित नगर पंचायत तमनार (जिला रायगढ़) और नगर पंचायत बड़ी करेली (जिला धमतरी) के साथ-साथ नगरपालिक निगम भिलाई-चरौदा, रिसाली, जामुल एवं बिरगांव सहित कुल 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन संपन्न कराए जाएंगे, इसके अलावा नगर पंचायत बिलाईगढ़ के 1 अध्यक्ष पद और अलग-अलग निकायों के 06 वार्ड पार्षदों के लिए भी उप-निर्वाचन कराया जाएगा.
समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में नगरीय प्रशासन और पंचायत विभाग के वरिष्ठ सचिवों व संचालकों की उपस्थिति में निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के सख्त निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू निर्वाचन सुनिश्चित करना है, इसलिए परिसीमन, आरक्षण और मतदाता सूची से संबंधित सभी प्रक्रियाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं.

