Jashpur News: CM साय ने शुरू किया हेलमेट बैंक, जरूरतमंदों को अस्थायी रूप से मिलेंगे 1000 हेलमेट
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने की नई पहल शुरू की गई है. जशपुर पुलिस ने हेलमेट बैंक की शुरुआत की है. बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस लाइन जशपुर में फीता काटकर इसका शुभारंभ किया. इस बैंक में फिलहाल 1000 हेलमेट रखे गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद नागरिक कुछ समय के लिए इस्तेमाल कर सकेंगे.

जरूरत पड़ने पर पुलिस देगी हेलमेट
इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले में दोपहिया वाहन से सफर करने वाला कोई भी व्यक्ति बिना हेलमेट के यात्रा न करे. अगर किसी नागरिक को जरूरी काम से कहीं जाना है और उसके पास हेलमेट नहीं है, तो वह पुलिस से अस्थायी रूप से हेलमेट ले सकेगा. आर्थिक परेशानी के कारण हेलमेट नहीं खरीद पाने वाले लोगों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा.

हेलमेट लौटाने पर करना होगा जनसेवा का काम
जशपुर पुलिस की इस व्यवस्था के तहत नागरिक अपना काम पूरा होने के बाद हेलमेट वापस कर सकेंगे. अपना हेलमेट खरीद लेने के बाद भी पुलिस का दिया हेलमेट लौटाया जा सकेगा. हालांकि, हेलमेट वापस करते समय संबंधित व्यक्ति को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी एक छोटी जनसेवा गतिविधि में हिस्सा लेना होगा. इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है.

बिना हेलमेट पकड़े जाने पर पुलिस कर रही कार्रवाई
जशपुर पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है. ऐसे लोगों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं. नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद दिखाने पर बिना चालान किए वाहन वापस किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है.

गांवों और स्कूल-कॉलेजों में भी चलेगा अभियान
हेलमेट बैंक के साथ जिले में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. इसके तहत हेलमेट रैलियां निकाली जा रही हैं और स्कूल-कॉलेजों, साप्ताहिक बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है. दोपहिया वाहन चालकों को समझाया जा रहा है कि बाइक चलाते समय खुद के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए. इसके अलावा निर्धारित गति से वाहन चलाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की जा रही है.
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल पुलिस मितानों से मिले CM
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होकर लौटे जशपुर पुलिस के पुलिस मितानों से भी मुलाकात की. उन्होंने परेड में भाग लेने वाले सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा अभियान की जानकारी भी मुख्यमंत्री के साथ साझा की.
‘हर हेड में हो हेलमेट’ अभियान शुरू
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस का लक्ष्य सड़क हादसों में लोगों की जान बचाना है. इसी उद्देश्य से 1000 हेलमेट के साथ हेलमेट बैंक शुरू किया गया है. जरूरतमंद नागरिकों को अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराए जाएंगे और उन्हें वापस करते समय जागरूकता अभियान में सहयोग करना होगा. पुलिस ने इस पहल को ‘हर हेड में हो हेलमेट’ नाम दिया है, जिसके जरिए जिले के हर दोपहिया वाहन चालक को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

