CG News: बस्तर गोंचा महापर्व 2026 में शामिल होंगे CM साय, तुपकी चलाकर निभाई पारंपरिक परंपरा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को उनके निवास कार्यालय में बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को गोंचा महापर्व 2026 में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया. मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महापर्व के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं.
तुपकी चलाकर निभाई सदियों पुरानी परंपरा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान श्री जगन्नाथ को पारंपरिक तुपकी चलाकर प्रतीकात्मक सलामी दी. इस विशेष आयोजन के माध्यम से उन्होंने बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया.
अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था के लिए जताया आभार
प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को अंडरग्राउंड किए जाने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया. समिति के सदस्यों ने कहा कि इस निर्णय से बिजली संबंधी समस्याओं में राहत मिली है और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान आने वाली बाधाएं भी पूरी तरह समाप्त हो गई हैं.
619 साल पुरानी परंपरा का होगा भव्य आयोजन
360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि इस वर्ष 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक ऐतिहासिक बस्तर गोंचा महापर्व का आयोजन किया जा रहा है. भगवान श्री 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को जगदलपुर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से निकलेगी और सिरहासार भवन, जनकपुरी में संपन्न होगी, जहां महाप्रभु विराजमान होंगे.
जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे और समिति के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. गोंचा महापर्व को लेकर बस्तर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है.



