CG News: नगरीय निकाय चुनाव को लेकर BJP की अहम बैठक, बूथ मजबूत करने और सभी निकायों में जीत का लक्ष्य
CG News: छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. शनिवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इसमें चुनावी रणनीति, संगठन की तैयारियों और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में नेताओं ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया.

बूथ की मजबूती पर रहेगा विशेष ध्यान : कर्मवीर सिंह
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में जीत हासिल करना है. इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के साथ हर बूथ को मजबूत बनाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को केवल स्थानीय चुनाव तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है. पार्टी का उद्देश्य दोनों चुनावों में जीत हासिल करना है.

सभी नगरीय निकायों में जीत का दावा : अखिलेश सोनी
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में जीत दर्ज करने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों के विकास के लिए काम किए गए हैं. भाजपा का दावा है कि सरकार के प्रयासों से शहरों में स्वच्छता, सुंदरता और विकास को बढ़ावा मिला है.
वार्ड स्तर तक जनता से संपर्क करेंगे कार्यकर्ता : भूपेन्द्र सवन्नी
क्रेडा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय हैं. आगामी चुनाव में वार्ड-वार्ड जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी. उन्होंने नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार से विकास कार्यों को गति देने का लक्ष्य रखा गया है, बैठक का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया. इस दौरान प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, संभाग प्रभारी, नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने और चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा की गई.


One Response