CG News: मानसून ब्रेक के बाद खुला उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व, कांगेर घाटी और बारनवापारा अभी रहेंगे बंद
CG News: छत्तीसगढ़ का सुप्रसिद्ध उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व मानसून और वन्यजीवों के प्रजनन काल (Breeding Season) के चलते बंद रहने के बाद 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए पुनः खोल दिया गया है. हरे-भरे जंगलों, सुरम्य वादियों और कलकल बहती नदियों से घिरा यह रिजर्व जैव विविधता के लिहाज से बेहद समृद्ध माना जाता है. रिजर्व के गेट खुलते ही प्रदेश और देशभर से प्रकृति व वन्यजीव प्रेमियों के पहुँचने का सिलसिला शुरू हो गया है.

कयाकिंग और बोटिंग के लिए 2 महीने का इंतजार
वन विभाग ने सैलानियों के रोमांचक सफर के लिए जंगल में जिप्सी सफारी की विशेष व्यवस्था उपलब्ध कराई है. हालांकि, कुल्हाड़ीघाट नदियों और सोंढुर बांध में होने वाली कयाकिंग व बोटिंग (नाव संचालन) की सुविधा को सुरक्षा कारणों से अभी रोक दिया गया है. बारिश के कारण नदियों और बांध का बहाव तेज होने की वजह से वाटर स्पोर्ट्स का आनंद लेने के लिए पर्यटकों को लगभग दो महीने का और इंतजार करना पड़ेगा.

जलप्रपात बने आकर्षण का केंद्र
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व बाघ, तेंदुए, भालू, चित्तीदार हिरण और सांभर के अलावा सैकड़ों प्रजातियों के रंग-बिरंगे पक्षियों के लिए जाना जाता है. यहाँ विशेष रूप से दुर्लभ ‘हॉर्नबिल’ पक्षी पाया जाता है. कभी राजकीय पशु वनभैंसा (Wild Water Buffalo) इसकी सबसे बड़ी पहचान हुआ करता था, हालांकि वर्तमान में यहाँ केवल एक ही वनभैंसा शेष रह गया है. इसके अलावा कुलाप, कारीपगार, शेषपगार, देवधारा और बोतलधारा जैसे प्राकृतिक झरने पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं.
कांगेर घाटी, बारनवापारा और भोरमदेव अभयारण्य अभी रहेंगे बंद
जहाँ एक ओर उदंती सीतानदी खुल चुका है, वहीं भारी बारिश और सड़कों की स्थिति को देखते हुए राज्य के अन्य प्रमुख नेशनल पार्क और अभयारण्य अभी बंद हैं. बस्तर संभाग का कांगेर घाटी नेशनल पार्क, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, पामेड़ और भैरमगढ़ अभयारण्य अगले महीने (नवंबर) खुलने की संभावना है. इसी प्रकार रायपुर संभाग का बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य और दुर्ग संभाग का भोरमदेव अभयारण्य भी 1 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोले जाएंगे.
वाटरफॉल्स के पास बरतें सावधानी
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि मानसून के बाद प्राकृतिक झरने और नदियाँ पूरे उफान पर हैं. उन्होंने टाइगर रिजर्व में आने वाले सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे जंगलों और विशेषकर जलप्रपातों (Waterfalls) के आसपास भ्रमण करते समय पूरी सतर्कता व सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें.


One Response