CG News: छत्तीसगढ़ की दो हॉकी खिलाड़ियों का कमाल, जूनियर एशिया कप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
CG News: छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है, बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो महिला हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन जूनियर एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है, दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी.

चीन में आयोजित होगा जूनियर एशिया कप
जूनियर एशिया कप 2026 का आयोजन चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर तक किया जाएगा, इस प्रतियोगिता में मधु सिदार और गीता यादव भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की ओर से मैदान में उतरेंगी, उनकी इस उपलब्धि पर खेल विभाग ने खुशी जताई है.
मधु सिदार ने मेहनत से बनाई पहचान
जशपुर जिले के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार ने कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, उन्होंने सब जूनियर नेशनल, स्कूल नेशनल और इंटर जोन जैसी कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, फिलहाल वह बिलासपुर KISCE में प्रशिक्षण ले रही हैं.
गीता यादव के पास है अंतरराष्ट्रीय अनुभव
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव पहले भी भारतीय टीम की जर्सी पहन चुकी हैं, उन्होंने 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था, इसके बाद अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरों में भी टीम का हिस्सा रहीं.
छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल
दोनों खिलाड़ियों के चयन से छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों में उत्साह है, खेल विभाग ने मधु सिदार और गीता यादव को बधाई देते हुए जूनियर एशिया कप में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं, यह उपलब्धि राज्य की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा मानी जा रही है.




