CG News: जनजातीय गौरव दिवस पर 32 जिलों में होंगे कार्यक्रम, CM साय बिलासपुर में रहेंगे मुख्य अतिथि
CG News: छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस को लेकर राज्य स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं. पंद्रह नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के जिला मुख्यालयों में सोलह से अठारह नवंबर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन आयोजनों के लिए राज्य शासन ने बत्तीस जिलों के मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है. कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे.

बिलासपुर में मुख्यमंत्री साय होंगे मुख्य अतिथि
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार, बिलासपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कोरबा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बालोद में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे.
कई जिलों में मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार, कोरिया में रामविचार नेताम, दंतेवाड़ा में केदार कश्यप, गरियाबंद में दयालदास बघेल, मुंगेली में लखन लाल देवांगन, राजनांदगांव में श्याम बिहारी जायसवाल और धमतरी में टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे. इसके अलावा जशपुर में ओपी चौधरी, बलरामपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में गजेंद्र यादव, सक्ती में गुरु खुशवंत साहेब और नारायणपुर में राजेश अग्रवाल कार्यक्रम में शामिल होंगे.
इन जिलों में सांसद संभालेंगे मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी
बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, सरगुजा में चिंतामणि महाराज और महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि होंगी. वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, जांजगीर-चांपा में कमलेश जांगड़े, सुकमा में महेश कश्यप, कांकेर में भोजराज नाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में देवेंद्र प्रताप सिंह और बेमेतरा में लक्ष्मी वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है.
इन जिलों में विधायक होंगे मुख्य अतिथि
बीजापुर में विक्रम उसेंडी, कोंडागांव में लता उसेंडी, बस्तर में किरण देव, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में प्रणव कुमार मरपच्ची और सूरजपुर में भूलन सिंह मरावी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे, राज्य शासन ने निर्देश दिए हैं कि जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का निर्धारण संबंधित मुख्य अतिथियों के परामर्श से किया जाए. आदिम जाति विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजन की सभी जरूरी तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी.

