CG News: छत्तीसगढ़ में खाद की कोई कमी नहीं, सभी किसानों को समय पर मिलेगा पर्याप्त उर्वरक: कृषि मंत्री रामविचार नेताम
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है और सभी पंजीकृत किसानों को समय पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि खरीफ सीजन 2026 की पूरी तैयारी कर ली गई है।
15.55 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य
केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को खरीफ 2026 के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी और एसएसपी शामिल हैं। वर्तमान में राज्य में लगभग 7.48 लाख मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है।
![]()
गोदामों में पर्याप्त स्टॉक
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के गोदामों और सहकारी समितियों में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सरकार का दावा है कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी, मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जाए। जिला स्तर पर उड़नदस्ता दल और निगरानी समितियों का गठन किया गया है, ताकि किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
वैकल्पिक खाद पर जोर
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण संभावित आपूर्ति बाधा को देखते हुए सरकार ने वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। किसानों को नैनो यूरिया, जैविक खाद, हरी खाद और नील हरित काई के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन तेजी से पूरा किया जाए और नई ई-वितरण प्रणाली लागू की जाए।
https://youtu.be/Nd6-czFTby0?si=xbOVZwz688UuCjdP
फसल विविधीकरण को बढ़ावा
सरकार ने दलहन, तिलहन, सुगंधित धान, ऑयल पाम और मखाना जैसी फसलों के विस्तार पर भी जोर दिया है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके और कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
सरकार का दावा
सरकार का कहना है कि सभी योजनाएं पारदर्शी तरीके से लागू की जा रही हैं और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
