CG News: छत्तीसगढ़ में शुरू होगा ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान, घर-घर पहुंचेगा सुशासन
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत 23 जिलों में 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का संतृप्तिकरण किया जाएगा। तकनीक आधारित निगरानी, विशेष शिविरों और विभागीय समन्वय के जरिए हर पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
23 जिलों में चलेगा ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़‘ अभियान
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में सुशासन को मजबूत करने और हर पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। यह अभियान रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के 23 जिलों में संचालित होगा, जहां ग्रामीण परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी सुविधा
अभियान के तहत सामाजिक सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी 31 प्रमुख योजनाओं का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण किया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि, जन-धन योजना, जल जीवन मिशन, पेंशन योजनाएं, किसान क्रेडिट कार्ड, कौशल विकास और अन्य नागरिक सेवाएं शामिल हैं। पात्र हितग्राहियों की पहचान कर विशेष शिविरों के माध्यम से उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
डिजिटल डैशबोर्ड और तीन चरणों में होगा क्रियान्वयन
अभियान की निगरानी के लिए CHiPS अत्याधुनिक डिजिटल डैशबोर्ड तैयार करेगा, जिससे राज्य से लेकर ग्राम स्तर तक योजनाओं की प्रगति रियल-टाइम में देखी जा सकेगी। अभियान तीन चरणों—सर्वेक्षण एवं डेटा संग्रह, विशेष संतृप्तिकरण शिविर और सतत समीक्षा—में संचालित होगा। जिला कलेक्टर इसकी निगरानी करेंगे, जबकि संभागायुक्त और राज्य स्तरीय समिति नियमित समीक्षा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ नागरिक-केंद्रित सुशासन की नई पहल है, जो प्रत्येक परिवार तक विकास, सुरक्षा और समृद्धि के अवसर पहुंचाकर विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करेगी।



