CG News: मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध खनन पर कड़ा प्रहार, कई जिलों में बड़ी कार्रवाई
CG News: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

तीन जिलों में संयुक्त जांच अभियान
खनिज विभाग और केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 22 जून को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध खनिज परिवहन के मामलों का खुलासा हुआ।
सात वाहन जप्त
अभियान के दौरान कुल 7 वाहनों को जप्त किया गया, जिनमें हाइवा और टिप्पर शामिल हैं।
• बरबसपुर क्षेत्र में चूना पत्थर से लदे 2 हाइवा
• लटोरी (सूरजपुर) में रेत से भरा 1 हाइवा
• खड़गवां में 1 टिप्पर
• सरगुजा के सकालो और अंबिकापुर क्षेत्र में 3 टिप्पर
सभी वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान विवाद और FIR दर्ज
अंबिकापुर के गांधी चौक क्षेत्र में जांच टीम के साथ कुछ वाहन मालिकों और चालकों द्वारा अभद्र व्यवहार और धमकी देने की घटना सामने आई। इस दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत थाना गांधीनगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अवैध खनन पर सख्ती जारी रहेगी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, सरकार का कहना है कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हितों की रक्षा के लिए ऐसे अभियानों को और मजबूत किया जाएगा, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
