CG News: योगी आदित्यनाथ से कलाकारों की खास मुलाकात, छत्तीसगढ़ के कलाकार के सवाल पर CM का दिलचस्प जवाब
CG News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की अलग-अलग लोक संस्कृतियों की प्रस्तुति देने वाले कलाकारों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की, आठ राज्यों से आए कलाकारों के साथ बातचीत के दौरान सांस्कृतिक विविधता, यात्रा और लोक परंपराओं से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई, इस दौरान कलाकारों ने अपने अनुभव साझा किए और उत्तर प्रदेश की संस्कृति की भी सराहना की, मुलाकात में कई भावुक और दिलचस्प पल देखने को मिले.

‘बुलडोजर बाबा’ नाम पर मुस्कुराए योगी
बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ के कलाकार कुलभूषण चंद्राकर ने बताया कि उनके राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से भी संबोधित किया जाता है, इस पर योगी आदित्यनाथ मुस्कुराए और मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, उन्होंने कहा कि बुलडोजर पसंद है तो आप गा सकते हैं, मैं गा नहीं सकता, लेकिन गलत लोगों पर बुलडोजर तो चलवा ही सकता हूं, मुख्यमंत्री के इस जवाब के बाद माहौल हल्का-फुल्का हो गया और कलाकारों के चेहरे पर मुस्कान नजर आई.
कलाकारों ने अयोध्या जाने की जताई इच्छा
छत्तीसगढ़ के कलाकार कुलभूषण चंद्राकर ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उन्हें अयोध्या जाने का अवसर मिला था और अब वह नई अयोध्या को देखना चाहते हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय की अयोध्या और आज की अयोध्या में काफी बदलाव आया है, उन्होंने कलाकारों को अयोध्या जाने और वहां हुए विकास कार्यों को देखने के लिए प्रोत्साहित किया, जम्मू-कश्मीर से पहली बार उत्तर प्रदेश पहुंचीं कलाकार श्रुति ने भी श्रीराम मंदिर के दर्शन की इच्छा जताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनके अयोध्या भ्रमण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए.
कलाकार संस्कृति के वाहक हैं, योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कलाकारों से कहा कि जब भी वे किसी दूसरे राज्य की यात्रा करें तो कम से कम एक दिन अतिरिक्त रुककर वहां की संस्कृति, खान-पान और ऐतिहासिक स्थलों को जरूर समझें, उन्होंने कहा कि भारत की असली खूबसूरती उसकी विविधता में है और कलाकार इस विविधता को समाज तक पहुंचाने का मजबूत माध्यम हैं, योगी ने कहा कि कलाकार केवल गायन, वादन, नृत्य और नाटक प्रस्तुत करने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि वे देश की परंपरा और लोक संस्कृति के वाहक भी हैं.
‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से कन्याकुमारी और अरुणाचल प्रदेश से द्वारिका और पुरी तक देश के अलग-अलग हिस्सों को संस्कृति के माध्यम से जोड़ना ही ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना है, उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए एकता के साथ सुरक्षा भी जरूरी है, अरुणाचल प्रदेश की कलाकार नीलम से बातचीत में उन्होंने लखनऊ के अनुभव पूछे और अयोध्या के साथ भगवान बुद्ध से जुड़े उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थलों को देखने की सलाह दी, वहीं बिहार के कलाकार सुबोध को भी अयोध्या जाने और मां जानकी से जुड़े सांस्कृतिक संबंधों को समझने के लिए प्रेरित किया.
