CG News: जगदलपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जगदलपुर में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा भी मौजूद रहे।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने सभी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक क्षमता का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए।
समाधान सुनिश्चित करने पर जोर
श्री साव ने कहा कि किसी भी परियोजना का डीपीआर तैयार करते समय फॉरेस्ट क्लीयरेंस, भूमि अधिग्रहण, विद्युत पोल शिफ्टिंग और अतिक्रमण जैसी संभावित बाधाओं का पहले ही समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यों में देरी न हो, नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत हितग्राहियों की काउंसलिंग करने और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छता दीदियों के लिए अहम निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने, उनके स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का सम्मान और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है, उन्होंने शहरों में नालियों की सफाई और वर्षा ऋतु से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
जल जीवन मिशन को प्राथमिकता
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में नल जल योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए पंचायतों और ग्रामीणों को जल कर जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा, उन्होंने बरसात से पहले जल स्रोतों के क्लोरीनेशन और पानी टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बनी रहे।



