CG News: 65 लाख उपभोक्ताओं को राहत, अब रोजाना के हिसाब से लगेगा लेट पेमेंट चार्ज
CG News: छत्तीसगढ़ के करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिल भुगतान से जुड़ा नियम बदल गया है, अब निर्धारित तारीख के बाद बिजली बिल जमा करने पर पूरे महीने का सरचार्ज नहीं देना होगा. नए नियम के तहत विलंब अधिभार की गणना प्रतिदिन के आधार पर की जा रही है, जिससे एक या दो दिन की देरी करने वाले उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में कम राशि चुकानी पड़ेगी.

0.04 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से लगेगा चार्ज
नए प्रावधान के मुताबिक, बकाया बिजली बिल की राशि पर 0.04 प्रतिशत प्रतिदिन की दर से विलंब अधिभार लगाया जा रहा है, यानी जितने दिनों की देरी होगी, शुल्क भी उसी अवधि के हिसाब से तय होगा. उदाहरण के तौर पर 4 हजार रुपए के बिल पर एक दिन की देरी होने पर करीब 1.60 रुपए का विलंब शुल्क लगेगा, जबकि पूरे महीने की देरी होने पर यह राशि करीब 48 रुपए तक होगी.
पहले एक दिन की देरी पर भी लगता था पूरा सरचार्ज
पुरानी व्यवस्था में अंतिम तारीख के बाद सिर्फ एक या दो दिन की देरी होने पर भी उपभोक्ता से पूरे महीने का 1.5 प्रतिशत सरचार्ज वसूला जाता था, ऐसे में 4 हजार रुपए के बिल पर एक दिन की देरी में ही 60 रुपए अतिरिक्त देने पड़ते थे. नई व्यवस्था में अब उपभोक्ता को वास्तविक देरी की अवधि के अनुसार ही भुगतान करना होगा, जिससे कम अवधि की देरी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ घटेगा.
ज्यादा बिल वालों को भी मिलेगी राहत
नए नियम का असर अधिक राशि वाले बिजली बिलों पर भी दिखाई देगा, उदाहरण के लिए 50 हजार रुपए के बिल पर पहले एक दिन की देरी में करीब 750 रुपए का सरचार्ज बनता था. अब इसी बिल पर एक दिन के लिए करीब 20 रुपए का विलंब अधिभार लगेगा, इसी तरह लाखों रुपए के बिल वाले उपभोक्ताओं के लिए भी कम दिनों की देरी पर पहले की तुलना में राहत मिल सकती है.
एडवांस बिल भुगतान पर छूट में कमी
बिजली बिल का भुगतान पहले से करने वाले उपभोक्ताओं को हालांकि अब मिलने वाली छूट में कमी की गई है, पहले एडवांस भुगतान पर 1.25 प्रतिशत की छूट मिलती थी, जिसे घटाकर 0.75 प्रतिशत कर दिया गया है. हालांकि ज्यादातर उपभोक्ता एडवांस में बिल जमा नहीं करते, ऐसे में नए विलंब अधिभार नियम का फायदा खास तौर पर उन उपभोक्ताओं को मिल सकता है, जिन्हें किसी कारण से बिल भुगतान में कुछ दिनों की देरी हो जाती है.
यह भी पढ़ें : CG News: रोहिणी नक्षत्र और शुभ योगों का संयोग, 4 सितंबर को मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव




