CG News: उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन शुरू
CG News: छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह योजना उन छात्रों के लिए बड़ी मदद साबित होगी जो उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और आर्थिक सहायता की आवश्यकता रखते हैं।
20 जून से नवीनीकरण, 1 अगस्त से नए आवेदन
शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए पुराने लाभार्थी विद्यार्थियों के नवीनीकरण आवेदन 20 जून 2026 से शुरू हो चुके हैं। वहीं नए विद्यार्थियों के आवेदन 1 अगस्त 2026 से स्वीकार किए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि सभी पात्र छात्रों को जनवरी 2027 तक छात्रवृत्ति राशि का भुगतान कर दिया जाए, यह योजना राज्य के शासकीय और निजी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, मेडिकल और नर्सिंग संस्थानों, पॉलिटेक्निक तथा आईटीआई में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के लिए लागू होगी।
आय सीमा और जरूरी दस्तावेज
छात्रवृत्ति के लिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के अभिभावकों की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह सीमा 1 लाख रुपये रखी गई है, आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, पिछली परीक्षा की अंकसूची और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
सीधे बैंक खाते में पहुंचेगी राशि
छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में जमा की जाएगी। इसलिए आवेदन करते समय सक्रिय और आधार-लिंक्ड बैंक खाते की जानकारी देना अनिवार्य होगा।
ओटीआर और बायोमेट्रिक सत्यापन होगा जरूरी
नई व्यवस्था के तहत अब विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना होगा। वहीं संस्थानों के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बन सके, सरकार ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे छात्रवृत्ति का लाभ लेकर अपनी पढ़ाई बिना किसी आर्थिक बाधा के जारी रख सकें।

